(फुरकान अंसारी)19/05/2026।

हरिद्वार/पथरी ।थाना पथरी पुलिस ने नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ के गंभीर मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को धनपुरा निवासी महिला ने थाना पथरी में तहरीर देकर अपने पति पर मारपीट करने, बड़ी नाबालिग पुत्री (15 वर्ष) के साथ दुष्कर्म करने तथा छोटी पुत्री (14 वर्ष) के साथ छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने का प्रयास करने के आरोप लगाए। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी आए दिन परिवार को जान से मारने की धमकी देता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 257/26 दर्ज कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला कायम किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

इसी क्रम में 19 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी निवासी धनपुरा को घिस्सुपुरा से पथरी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल अजीत तोमर और कांस्टेबल अनिल पंवार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply