*प्रेस विज्ञप्ति 18 मई 2026*
बैंकों द्वारा आर्थिक धोखाधड़ी के विरोध में सचिवालय के बाहर सुराज सेवा दल का प्रदर्शन
देहरादून,19 मई 2026। बैंकों द्वारा आम जनता के साथ हो रही आर्थिक धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के विरोध में 18 मई सचिवालय के बाहर सुराज सेवा दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि बाहरी राज्यों से आए कई अधिकारी उत्तराखंड में विभिन्न माध्यमों से प्रदेशवासियों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी कर रहे हैं। कभी कमेटियों के नाम पर, कभी बैंक लोन के नाम पर, तो कभी कमीशनखोरी एवं लोन सेटलमेंट के बहाने आम जनता को ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी गंभीर विषय को लेकर सुराज सेवा दल का एक प्रतिनिधिमंडल वित्त सचिव से मुलाकात करने सचिवालय पहुंचा था, लेकिन बातचीत करने के बजाय पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं को जबरन गिरफ्तार कर लिया गया।
संगठन के महामंत्री देवेंद्र बिष्ट ने पुलिस प्रशासन की कार्यवाही को तानाशाही बताते हुए कहा कि अधिकारियों एवं पुलिस का यह रवैया प्रदेशवासियों की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल इस मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन चलाएगा तथा आम जनता से संपर्क कर बैंकों द्वारा की जा रही आर्थिक धोखाधड़ी से जुड़े मामलों को सुनेगा।
उन्होंने बताया कि संगठन जल्द ही पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान एवं जनजागरण आंदोलन शुरू करेगा, ताकि पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जा सके।
प्रदर्शन में कमल धामी, ललित श्रीवास्तव, विपिन, कावेरी जोशी, हिमांशु धामी, पूजा नेगी, अमित , सागर , दिव्यांश बिष्ट, अरविंद , वीरेंद्र ,यश नितेश सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


