(फुरकान अंसारी)15/05/2026।

हरिद्वार जनपद की झबरेड़ा पुलिस ने 3 वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले का महज 20 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि शादी समारोह के दौरान उसका तीन वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। पूरे मामले की निगरानी की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई, जबकि सर्विलांस और तकनीकी सहायता के लिए सीआईयू रुड़की को लगाया गया।

पुलिस टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान 15 मई को पुलिस ने संदिग्ध गरजा उर्फ गजे निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बच्चे के अपहरण की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सामने आया कि बच्चे का अपहरण तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के उद्देश्य से किया गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह बच्चा छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लेकर सकुशल बरामद कर लिया और हरिद्वार वापस ले आई।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

बच्चे की सकुशल बरामदगी पर क्षेत्रवासियों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी और आभार व्यक्त किया।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह

वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेंद्र भंडारी

उपनिरीक्षक जय सिंह राणा

हेड कांस्टेबल रामवीर

हेड कांस्टेबल विकास

कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह

कांस्टेबल बसंत कुमार

एसओजी टीम रुड़की शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply