(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 12 मई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नई दिल्ली द्वारा आयोजित 10वीं कक्षा की सेकेंड बोर्ड परीक्षाएं 15 मई 2026 से 1 जून 2026 तक जनपद हरिद्वार के 8 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 (पूर्व धारा 144) लागू कर दी है।

नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने बताया कि हरिद्वार नगर क्षेत्र में स्थित सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्वालापुर, द विजडम ग्लोबल स्कूल, गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज, महर्षि विद्या मंदिर, शांति मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल, डीएपी सेंचुरी पब्लिक स्कूल तथा अचीवर होम पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में बिना अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी प्रकार के भड़काऊ कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही निर्धारित सीमा में ध्वनि प्रदूषण भी प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास लाठी, चाकू, तलवार, भाला, बंदूक, पिस्टल, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब और पेट्रोल जैसी वस्तुएं ले जाने पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, सेलुलर फोन और पेजर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि शांति व्यवस्था में नियुक्त अधिकारियों और पुलिस बल के अतिरिक्त अन्य किसी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply