हरिद्वार, 05 मई 2026। कोतवाली लक्सर पुलिस ने कार सवार डॉक्टर और उसके साथियों पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सत्संगी बाबा मंगत दास उर्फ सागर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्तौल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने साले और अन्य साथियों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल, बहादराबाद से लौट रहे थे। रास्ते में बाडीटीप के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी दाबकी गांव के पास इसी तरह की फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें बाद में वाहन में गोली के निशान और बुलेट मिलने की पुष्टि हुई।
घटना के संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 383/26, धारा 109 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने सटीक मुखबिरी के आधार पर 5 मई को मुख्य साजिशकर्ता मंगत दास उर्फ सागर को दबोच लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका डॉक्टर से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, बल्कि डॉक्टर के साले से पुरानी रंजिश थी। आरोपी की बहन का रिश्ता डॉक्टर के साले से तय हुआ था, जो बाद में टूट गया। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची और अपने साथी शुभम सैनी के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।पुलिस टीम में
प्रभारी निरीक्षक: प्रवीण कोशियारी
उप निरीक्षक: यशवीर नेगी (चौकी इंचार्ज भिक्कमपुर)
हेड कांस्टेबल: पंचम प्रकाश
कांस्टेबल: गंगा, रियाज।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।


