फुरकान अंसारी संपादक।

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नव नियुक्त पुलिस जवानों के लिए 9 माह की प्रशिक्षण प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने सभी प्रशिक्षु जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका जोशीला स्वागत किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 209 पुरुष रिक्रूट आरक्षी एवं 2 महिला प्रशिक्षु जवान शामिल हैं। एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित एवं मर्यादित बल है, जिसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक जवान की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण अवधि के दौरान निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जवानों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त पानी पीने और स्वयं को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि कठिन प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन जानकारी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कुशलता से कर सकें।

हरिद्वार पुलिस द्वारा प्रशिक्षुओं को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे एक सक्षम, जिम्मेदार और संवेदनशील पुलिसकर्मी के रूप में तैयार हो सकें।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक ट्रेनिंग तथा ट्रेनिंग उस्ताद भी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply