फुरकान अंसारी संपादक।

हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सीतापुर के छात्र अजीत सिंह ने शानदार सफलता हासिल करते हुए विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अजीत सिंह ने 500 में से 470 अंक प्राप्त कर 94 प्रतिशत अंक हासिल किए और प्रदेश की मेरिट सूची में 18वां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय में खुशी और गर्व का माहौल है।

 

अजीत सिंह, जो श्री जय सिंह के पुत्र हैं, ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन से पढ़ाई कर यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प सबसे जरूरी होता है।

 

परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी अजीत की इस उपलब्धि से बेहद उत्साहित नजर आए। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक सोम प्रकाश चौहान और अध्यक्ष कुंवरपाल सिंह चौहान ने अजीत को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजीत भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

 

प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने अजीत की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक छात्र की नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अजीत की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी आगे बढ़ने का हौसला देगी।

 

उप प्रधानाचार्य मनिंदर कौर ने भी अजीत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से अजीत से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

 

विद्यालय के सहायक अध्यापक हरेन्द्र सिंह, रानू कुमार, मनीष कुमार, शशिकांत चौहान, राहुल चौहान, पूनम चौहान, सोनिया चौहान और प्राची चौहान सहित समस्त स्टाफ ने अजीत सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

अजीत की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने भी अजीत को बधाई देते हुए उसकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

विद्यालय परिवार ने बोर्ड परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share.
Leave A Reply