फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार में अनाधिकृत प्लॉटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि जमालपुर से पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर, जमालपुर कलां रोड स्थित लगभग काई बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही है। इसके अलावा, जमालपुर पंचायत भवन से आगे सराय रोड पर करीब लगभग 4 बीघा भूमि पर भी अनधिकृत प्लॉटिंग की जा रही थी।
सूचना के आधार पर जांच करने के बाद प्राधिकरण ने दोनों स्थानों पर संबंधित अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए। निर्माणकर्ताओं को कई बार कार्य बंद करने के निर्देश दिए गए, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद निर्देशों की अनदेखी की गई।
अंततः प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
प्राधिकरण ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि सुनियोजित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित किया जा सके।


