फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में ज्वालापुर पुलिस और अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त कार्रवाई से इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हुआ।

दिनांक 08 अप्रैल 2026 को सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वैष्णवी एन्क्लेव, ज्वालापुर क्षेत्र से एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया, जो अपना नाम बदलकर रह रही थी। पूछताछ में महिला की पहचान सहेला बेगम निवासी कुमीला (बांग्लादेश) के रूप में हुई, जो भारत में “स्वीटी” नाम से रह रही थी।

महिला के कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड बरामद किए गए। साथ ही उसके पास से भारतीय मूल के कई फर्जी दस्तावेज—जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट—भी मिले।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास की मदद से महिला भारत आई थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वह अवैध रूप से दिल्ली में रही और बाद में हरिद्वार आकर श्यामदास की सहायता से फर्जी दस्तावेज बनवा लिए।

पुलिस ने इस मामले में श्यामदास (निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़) को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने महिला को शरण देने और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद की थी।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने इस कार्रवाई पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

सहेला बेगम (41 वर्ष), निवासी कुमीला, बांग्लादेश

श्यामदास (45 वर्ष), निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बरामद दस्तावेज:

भारतीय फर्जी दस्तावेज: पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मैरिज सर्टिफिकेट

बांग्लादेशी दस्तावेज: पासपोर्ट, नेशनल आईडी कार्ड

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:

ज्वालापुर पुलिस:

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी

उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल

महिला उप निरीक्षक सोनल रावत

कांस्टेबल मनोज डोभाल

कांस्टेबल देवेंद्र कुमार

एल.आई.यू. टीम:

उप निरीक्षक सुरेश शाह

हेड कांस्टेबल मंशा राम

यह कार्रवाई हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी का एक सशक्त उदाहरण है, जो अवैध गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है।

Share.
Leave A Reply