फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार, 05 अप्रैल 2026। क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान द्वारा कोतवाली ज्वालापुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए कार्यकुशलता का आकलन किया गया।

इस अवसर पर पुरुष बैरक, मैस, मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, थाना कार्यालय, मालग्रह, डाक कार्यालय तथा महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया गया। सीओ ज्वालापुर ने प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी से कोतवाली की समस्त व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच करते हुए संबंधित हेड मोहर्रिर एवं मालखाना मोहर्रिर को निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं। साथ ही उप निरीक्षकों एवं विवेचकों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

इसके अतिरिक्त थाने में रखे पुराने एवं अनुपयोगी सामान के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ मालखाने में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंत में सीओ संजय चौहान ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

Share.
Leave A Reply