फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंजाब से पहुंची पारंपरिक दमड़ी यात्रा का शहर में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भीम आर्मी के प्रदेश प्रभारी सुलेमान बट अपनी टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे और यात्रा का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
दमड़ी यात्रा के स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और गुरु रविदास महाराज के संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुलेमान बट ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का जो संदेश दिया है, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनका जीवन हमें जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट रहने और समाज में प्रेम व सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और महान संतों के विचारों से परिचित कराते हैं।

Share.
Leave A Reply