फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध सिलेंडरों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच गैस सिलेंडरों की कमी का फायदा उठाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक, 27 मार्च 2026 को पुलिस को खुफिया तंत्र के माध्यम से सूचना मिली कि रावली महदूद क्षेत्र में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की, जहां से बड़ी संख्या में अवैध सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से जावेद पुत्र अख्तर निवासी रविदास मंदिर के पास, रावली महदूद को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सिलेंडरों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल:
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी और कांस्टेबल रोहित बरोड़िया।


