फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार, 25 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक मोर्चा में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बार फिर भरोसा जताते हुए मोहसिन मंसूरी को दोबारा जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी वे इसी पद पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
मोहसिन मंसूरी लंबे समय से संगठन के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी निरंतर भागीदारी और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी पुनर्नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर मोहसिन मंसूरी ने पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पहले की तरह ही पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
वहीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर एजाज हसन ने मोहसिन मंसूरी की पुनर्नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, अनुभव और समर्पण को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मोहसिन मंसूरी अपने अनुभव का लाभ संगठन को देते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे और पार्टी की नीतियों का प्रभावी तरीके से प्रचार-प्रसार करेंगे।


