फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार, 20 मार्च 2026। ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार द्वारा सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे।
मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:
सभी थाना प्रभारी नमाज एवं पर्व के दौरान सरकारी वाहन के साथ लगातार अपने क्षेत्र में राउंड पर रहेंगे।
ईदगाह एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी और चेकिंग की जाएगी।
नमाज से पूर्व वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से पार्क कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहे तथा शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।
पर्व के दौरान सभी सर्किल ऑफिसर थाना प्रभारियों के संपर्क में रहेंगे और किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका समाधान करेंगे।
यह सुनिश्चित किया जाए कि ईद के दौरान पालतू पशु, विशेषकर सुअर, सार्वजनिक स्थलों पर न घूमें। इस संबंध में पूर्व में संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए ईद पर्व को शांति, सुरक्षा और भाईचारे के साथ सम्पन्न कराएं।


