अधिशासी अभियंता रवि कुमार व एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में ज्वालापुर में बिजली बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देशन एवं एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में की गई, जिसमें जेई अक्षय कुमार और विभागीय टीम ने विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया। इस सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में अभियान की चर्चा जोरों पर है।
अभियान के दौरान सीतापुर, सुभाष नगर, पीठ बाजार और मेन बाजार क्षेत्रों में गहन जांच की गई। जांच के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले 58 उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। साथ ही विभाग ने लगभग 9 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली भी की।
ऊर्जा निगम की टीम ने उन कनेक्शनों की भी जांच की, जिन्हें पहले बकाया बिल के चलते काटा जा चुका था। जांच में कई स्थानों पर उपभोक्ता अवैध रूप से दोबारा कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग करते पाए गए। ऐसे मामलों में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और भारी जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और बकाया बिल न चुकाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें, अन्यथा कनेक्शन विच्छेदन के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।


