फुरकान अंसारी (संवाददाता)
हरिद्वार,15/03/2026। शहर ज्वालापुर स्थित मस्जिद गरीब नवाज़ में नमाज़-ए-तरावीह के दौरान कुरआन-ए-पाक की तकमील अल्हम्दुलिल्लाह बड़े ही रूहानी और नूरानी माहौल में संपन्न हुई। इस मुबारक मौके पर हाफ़िज़ रजब अली साहब ने बेहद ख़ूबसूरत और दिलनशीन अंदाज़ में कुरआन-ए-मजीद की तिलावत की, जिसे नमाज़ियों ने बड़ी अकीदत और तवज्जो के साथ सुना।
कुरआन-ए-पाक सुनने की सआदत मस्जिद गरीब नवाज़ के इमाम हाफ़िज़ आस मुहम्मद साहब को हासिल हुई। तकमील-ए-कुरआन की इस मुबारक रात के अवसर पर एक रूहानी महफ़िल का भी एहतिमाम किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
महफ़िल को ख़िताब करते हुए हज़रत हाफ़िज़ व क़ारी मुज़म्मिल हुसैन साहब सलेमपुरी ने कुरआन-ए-मजीद के फ़ज़ाइल व बरकात पर बेहद उम्दा, असरदार और नसीहत भरी तक़रीर पेश की। उनकी तक़रीर को मौजूद लोगों ने बड़ी दिलचस्पी और तवज्जो के साथ सुना।
इसके बाद क़ुल शरीफ़ पढ़ा गया और सामूहिक दुआ की गई। दुआ में ख़ास तौर पर मुल्क में अमन-ओ-अमान, भाईचारे, कौम व मिल्लत की तरक़्क़ी और खुशहाली के लिए दुआएँ मांगी गईं। आखिर में दुआ के साथ इस मुबारक और रूहानी महफ़िल का इख़्तिताम हुआ।


