हुक्का गैंग के नेटवर्क पर लक्सर पुलिस का बड़ा प्रहार; फेसबुक पर दहशत फैलाने वाला मुख्य सदस्य गिरफ्तार

(संवाददाता, फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन रहे ‘हुक्का गैंग’ के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लक्सर पुलिस ने गैंग के एक सक्रिय और मुख्य सदस्य सालम को अवैध असलहे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त फेसबुक के माध्यम से गैंग का महिमामंडन कर दुष्प्रचार करने और आपराधिक वारदातों के लिए हथियार सप्लाई करने का काम करता था।

चेकिंग के दौरान धेरेबंदी में फंसा आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस टीम के साथ ग्राम भूरनी क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्त सालम के पास से 01 अवैध तमंचा (315 बोर) और 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

गैंग का खुलासा और ‘हुक्का गैंग’ का खौफनाक जाल

पूछताछ के दौरान सालम ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि विशाल (निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द) इस गैंग का लीडर है। गैंग के अन्य सक्रिय सदस्यों में कार्तिक, गुरमीत, अक्षय, आयान, गांधी और अनुज कश्यप शामिल हैं। सालम का मुख्य कार्य गैंग को अवैध असलहे उपलब्ध कराना और सोशल मीडिया पर गैंग का खौफ पैदा करना था।

ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमले की वारदात

अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 10 मार्च 2026 की रात को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नगला खिताब निवासी गौरव के घर पर जानलेवा हमला किया था। गैंग के सदस्यों ने गौरव के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें गौरव बाल-बाल बच गया था। यह हमला आपसी रंजिश और वर्चस्व को लेकर किया गया था। इससे पूर्व गैंग ने एक वीडियो क्लिप के जरिए ‘वंश सैनी’ नाम के युवक को ब्लैकमेल कर पैसों की मांग भी की थी।

पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सालम को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब गैंग के अन्य फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस टीम के सदस्य

 * प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी

 * उप निरीक्षक लोकपाल परमार

 * उप निरीक्षक विपिन कुमार

 * उप निरीक्षक दीपक चौधरी

 * मुख्य आरक्षी मीनान की कार्रवाई।

Share.
Leave A Reply