उत्तराखंड के ऐतिहासिक बजट पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी बधाई
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार । आज़ 9 मार्च 2026 को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य का अब तक का सबसे बड़ा और प्रदेशवासियों की आवश्यकताओं व अपेक्षाओं को पूरा करने वाला बजट प्रस्तुत किए जाने पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने उन्हें बधाई दी।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता की आशाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गैरसैंण विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹1,11,703.21 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह जन-जन का बजट है, जो प्रदेश के चहुंमुखी विकास को नई गति देते हुए आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में सरकार द्वारा शुरू की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इन्हीं प्रयासों को और अधिक मजबूती देने और उनका व्यापक विस्तार करने के लिए यह बजट महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में पूरी प्रतिबद्धता और सामर्थ्य के साथ अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बजट में युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिए जाने की सराहना की और इसे भाजपा सरकार द्वारा गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति को केंद्र में रखकर बनाया गया जनकल्याणकारी बजट बताया।


