होली और रमजान को लेकर ज्वालापुर में शांति समिति की बैठक,एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह व सीओ संजय चौहान की अध्यक्षता में बंधन पैलेस में हुई गोष्ठी

(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार,28/02/2026।

रमजान माह एवं आगामी होली पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आज दिनांक 28/02/2026 को रेलवे रोड स्थित बंधन पैलेस, ज्वालापुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, बाजार एवं रेल चौकी प्रभारी सहित थाना क्षेत्र के पार्षद, दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिक, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, मस्जिदों के इमाम एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान दोनों पर्व एक साथ होने के कारण आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों एवं मस्जिद कमेटियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि रमजान माह में नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार से यातायात अवरोध या कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।

साथ ही आगामी होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग या अशांति से बचने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शांति भंग करने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने रमजान माह एवं होली पर्व को आपसी सद्भाव, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

Share.
Leave A Reply