SSP द्वारा घोषित ₹5000 के ईनामी अपहरण आरोपी को ज्वालापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार,नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, परिजनों ने जताया आभार

 

(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा घोषित ₹5000 के ईनामी आरोपी को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस सराहनीय कार्यवाही पर परिजनों एवं आमजन ने हरिद्वार पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है।

दिनांक 23/02/2026 को वादिया (काल्पनिक नाम सुनीता), निवासी कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र, ने अपनी नाबालिग पुत्री के दिनांक 22/02/2026 को नामजद आरोपी जावेद द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने के संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में अभियोग पंजीकृत कराया था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा तत्काल बालिका की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही दिनांक 26/02/2026 को नामजद आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया।

प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने परिजनों से संपर्क कर घटनास्थल का निरीक्षण किया, इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से जानकारी जुटाई, क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

दिनांक 28/02/2026 को मुखबिर खास की सूचना पर आरोपी आलम उर्फ जावेद पुत्र सफदर, निवासी इक्कड़ खुर्द, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को हरि लोक तिराहे से इक्कड़ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।

नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की जा रही है, जिसके उपरांत बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। प्रभारी चौकी बाजार उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल,उप निरीक्षक ललिता चुफाल,कांस्टेबल नवीन छेत्री,कांस्टेबल अंकुर चौधरी,कांस्टेबल अरुण कोटनाला,महिला कांस्टेबल पूनम भट्ट की कार्रवाई।

हरिद्वार पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई से एक गंभीर प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा कर नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया, जो पुलिस की प्रतिबद्धता और सजगता का परिचायक है।

Share.
Leave A Reply