(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। थाना कनखल क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ब्लाइंड मर्डर की इस गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक के ही दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया है।

7 फरवरी 2026 को थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास जंगल की झाड़ियों में एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर (हाल निवासी लाटोवाली, थाना कनखल) के रूप में की।

मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कनखल में मु0अ0सं0 41/26 धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया।

सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले, मिली अहम कड़ी

पुलिस टीमों ने क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मृतक कुनाल शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाता हुआ दिखाई दिया।

स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार होकर मथुरा चला गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।

साथ बैठकर पी शराब, फिर हुआ विवाद

पूछताछ में आरोपी अरविंद ने बताया कि वह कुछ महीनों से कनखल में अपनी नानी के साथ रह रहा था। कुनाल उसका दोस्त था और पड़ोस में ही रहता था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।

आरोप है कि नशे की हालत में कुनाल ने अरविंद की बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने अरविंद को थप्पड़ मार दिए। गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बरामदगी

पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त

अरविंद उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा

निवासी: पतवारी मंदिर के पीछे, दुर्गा कॉलोनी, थाना गोवर्धन, मथुरा (उ.प्र.)

हाल निवासी: लाटोवाली, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार

पुलिस टीम

थाना कनखल के एसएचओ देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में व0उ0नि0 सतेन्द्र भण्डारी, अ0उ0नि0 ललित मोहन अधिकारी, अ0उ0नि0 नन्द किशोर सहित पुलिस व सर्विलांस टीम के सदस्यों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply