महिला हेल्पलाइन रुड़की का सराहनीय प्रयास : काउंसलिंग से टूटते परिवारों को मिला सहारा
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 30 जनवरी 2026। जनपद हरिद्वार में परिवारों को टूटने से बचाने और आपसी मतभेदों को संवाद के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से आज रिजर्व पुलिस लाइन रोशनाबाद में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार श्री प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान महिला हेल्पलाइन रुड़की में लंबित जटिल पारिवारिक विवादों पर दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विस्तार से काउंसलिंग की गई। सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक संवाद के परिणामस्वरूप तीन परिवारों को बिखरने से बचा लिया गया, जबकि दो अन्य मामलों में पक्षकारों को सोच-विचार हेतु अगली तिथि प्रदान की गई।
हरिद्वार पुलिस ने इस अवसर पर समाज से अपील करते हुए कहा कि परिवार एक ऐसी पाठशाला है जहाँ सहनशीलता, समझदारी और आपसी सम्मान का भाव सबसे महत्वपूर्ण होता है। छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझने और समाधान खोजने की आवश्यकता है, क्योंकि परिवार मजबूत होगा तो समाज भी सशक्त बनेगा।
बैठक में मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर अरुण कुमार, समाजशास्त्री श्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता सुश्री रीमा साहिम, समाज सेविका श्रीमती रंजना शर्मा (प्रधानाचार्य), प्रभारी महिला हेल्पलाइन रुड़की उपनिरीक्षक ममता मखलोगा, महिला कांस्टेबल ममता एवं महिला कांस्टेबल निर्मला सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर मार्गदर्शन प्रदान किया।


