(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 11/01/2025। आज जिला हरिद्वार भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस पार्टी की जनविरोधी नीतियों, राष्ट्रविरोधी सोच तथा देवभूमि उत्तराखंड में भ्रामक राजनीति के विरोध में कांग्रेस नेताओं की बुद्धि-शुद्धि हेतु शिवालिक नगर में हवन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ईश्वर से प्रार्थना की कि कांग्रेस पार्टी को सद्बुद्धि प्राप्त हो और वह तुष्टिकरण व भ्रम की राजनीति छोड़कर राष्ट्रहित में कार्य करे।
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से देश की जनता को गुमराह कर रही है। भ्रष्टाचार, परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। कांग्रेस द्वारा देवभूमि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में झूठी और भ्रामक बातें फैलाकर वातावरण खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति शांति और प्रगति की प्रतीक है तथा भाजपा प्रदेश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हवन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और नफरत की राजनीति की है। समय-समय पर ओछी मानसिकता का परिचय देने वाली कांग्रेस को एक जिम्मेदार और सभ्य नागरिक के नाते उनके कर्तव्यों और मर्यादा का बोध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रदेशवासियों को गुमराह करने का सच अब जनता के सामने आ चुका है, जबकि धामी सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आज जनमानस लाभान्वित हो रहा है।
पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान ने कहा कि जब शब्दों से मर्यादा टूटती है, तब संस्कृति ही समाधान बनती है। बुद्धि-शुद्धि यज्ञ हमारी परंपरा का सशक्त उत्तर है। कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति की जा रही अमर्यादित टिप्पणियां निंदनीय हैं, जिन्हें समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सदैव राष्ट्र, समाज और जनकल्याण के लिए कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विक्रम भुल्लर, जिला मंत्री रितु ठाकुर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष तेलूराम, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी एवं बिंदरपाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


