एसएसपी के निर्देश पर गोकशी के खिलाफ कार्रवाई, भगवानपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जनपद में अवैध पशु कटान और गोकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में भगवानपुर पुलिस ने ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में एक मकान पर छापा मारकर कथित रूप से गोकशी कर रहे एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में गोकशी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को भगवानपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान एक महिला और अब्दुल गफ्फार को गौमांस तथा गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के साथ हिरासत में ले लिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से गौमांस, एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां, एक लोहे का तसला और दो नायलॉन की रस्सियां बरामद की हैं। मामले में थाना भगवानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 477/2026 के तहत उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, महिला कांस्टेबल सोनम, कांस्टेबल मदन सिंह और होमगार्ड रोविन सिंह शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply