एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन की संयुक्त अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, आतंकवाद, साइबर अपराध और भीड़ प्रबंधन से निपटने की रणनीति पर मंथन।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन तथा अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल सहित कुंभ मेले से जुड़ी विभिन्न तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक (कुंभ मेला) योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों और सुझावों को साझा किया।
बैठक में कुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, वॉच टावर तथा बम निरोधक दस्ते के माध्यम से एंटी सबोटाज चेकिंग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
आतंकवाद और साइबर खतरों से निपटने के लिए बनेगी बहुस्तरीय रणनीति
सुरक्षा की दृष्टि से एटीएस, एसटीएफ और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। संगठित अपराध और संभावित आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए तकनीकी एवं मानवीय अभिसूचना तंत्र को मजबूत बनाने के साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और फर्जी खबरों की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने पर भी मंथन हुआ। साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी, ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से होगी निगरानी
कुंभ मेले में आधुनिक तकनीक के व्यापक इस्तेमाल की योजना बनाई गई है। इसके तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन, एंटी ड्रोन प्रणाली, सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध तरीके से स्थापित कर क्रियाशील करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने तकनीकी संसाधनों के साथ प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
यातायात, रेलवे और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में मेला क्षेत्र के पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात मार्गों और अधिक भीड़ वाले स्थानों की समीक्षा की गई। संभावित जाम और अवरोध वाले स्थानों को पहले से चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन की योजना बनाने को कहा गया। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी के साथ अग्निशमन उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
कुंभ मेले के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन करने के निर्देश दिए गए। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ उनके प्रशिक्षण की कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई।
समयसीमा में पूरे हों निर्माण कार्य और सुरक्षा तैयारियां
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। पुलिस बल के लिए आवश्यक वाहनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीमावर्ती राज्यों के जनपदों और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने तथा मेला क्षेत्र में सत्यापन अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे ने थानों, चौकियों, घाटों, हरकी पैड़ी पर बने अस्थायी पुलों और संकरे मार्गों की व्यवस्थाएं देखीं।
आईजी पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन विम्मी सचदेवा ने संचार व्यवस्था, सब-कंट्रोल रूम और फायर स्टेशनों का निरीक्षण किया। वहीं, आईजी एवं निदेशक यातायात/जीआरपी कृष्ण कुमार वीके ने पुलिस लाइन, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजी विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वीके, नीलेश आनंद भरणे, एसटीएफ/साइबर के आईजी, प्रशिक्षण आईजी अनंत शंकर ताकवाले, गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप, कार्मिक आईजी सुनील मीणा, कुंभ मेला आईजी योगेंद्र सिंह रावत, पीएंडएम/मुख्यालय आईजी बरिंदरजीत सिंह, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, एसएसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा सहित विभिन्न वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 की सभी सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित कुंभ का अनुभव मिल सके।


