SSP नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में बहादराबाद पुलिस और CIU रुड़की को मिली बड़ी सफलता।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने एक बड़े असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की तलाशी के दौरान मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेन्द्र के पास से एक .315 बोर तमंचा बरामद किया। वहीं, आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव स्थित पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 16 नवंबर की रात्रि ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान गिरोह के चौथे आरोपी प्रशांत कुमार को भी हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेन्द्र निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद तथा प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुकुल पाल के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने अभियान को अपराध एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया।

Share.
Leave A Reply