‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी की तलाश जारी।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और जानलेवा हमले तक पहुंच गया। कनखल थाना क्षेत्र के सतीघाट पर 27 अक्टूबर की रात कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक पर तमंचे से फायरिंग कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। गनीमत रही कि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कनखल पुलिस ने सतीघाट पर हुई फायरिंग की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात कनखल क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट करने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने शिकायतकर्ता के पुत्र के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि, युवक गोली लगने से बच गया।

घटना के संबंध में शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply