इंस्पेक्टर योगेश दत्त को सौंपी जिम्मेदारी, 13 सदस्यीय टीम गठित; पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव की व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने चुनाव सेल का गठन करते हुए आदेश जारी किए हैं। चुनाव सेल की कमान इंस्पेक्टर योगेश दत्त को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम गठित की गई है।

गठित टीम में एक उपनिरीक्षक, एक अपर उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल सहित पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव सेल तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

चुनाव सेल द्वारा चुनाव के दौरान पुलिस बल की आवश्यकता, उपलब्ध एवं आवंटित फोर्स का वितरण तथा निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करना है।

पांच पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल

चुनाव तैयारियों के बीच हरिद्वार पुलिस ने पांच पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार—

1. उपनिरीक्षक संजय पूनिया को वरिष्ठ उपनिरीक्षक, खानपुर के पद से हटाकर प्रभारी सीआईयू (CIU), रुड़की बनाया गया है।
2. उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को कोतवाली लक्सर से वरिष्ठ उपनिरीक्षक, खानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
3. उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन को चौकी प्रभारी अमानतगढ़ से कोतवाली रुड़की भेजा गया है।
4. उपनिरीक्षक सुनील रमोला को थाना बुग्गावाला से चौकी प्रभारी अमानतगढ़ नियुक्त किया गया है।
5. अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़ को कोतवाली श्यामपुर से चौकी प्रभारी चिड़ियापुर की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस विभाग में किए गए इन बदलावों और चुनाव सेल के गठन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply