जिला प्रेस क्लब हरिद्वार ने मुख्यमंत्री से की आयोग गठन की मांग, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने पर दिया जोर।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा आयोग का गठन समय की आवश्यकता है। यह मांग जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) की बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। सोमवार को पुराना रानीपुर मोड़ स्थित फन एंड फूड रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री से पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन के साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की गई।

जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे तमाम चुनौतियों के बीच समाज की समस्याओं को उजागर करने के साथ ही आमजन की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। इसके बावजूद समाचार संकलन और कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, अभद्रता और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके लिए पत्रकार सुरक्षा आयोग का गठन बेहद जरूरी है।

जिला प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष मनोज कश्यप ने कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाकर समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बिना किसी दबाव और भय के सच्चाई जनता के सामने रखने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि लोकतंत्र में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी हो सके।

बैठक में जिला प्रेस क्लब की ओर से केंद्र और राज्य सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा एवं उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने और ठोस व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन से पत्रकारों के उत्पीड़न, सुरक्षा संबंधी समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए एक प्रभावी संस्थागत व्यवस्था विकसित की जा सकेगी। इससे पत्रकारों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सुरक्षा और सहयोग मिल सकेगा।

बैठक में पत्रकारों की एकजुटता और उनकी सुरक्षा के मुद्दे पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और उनके लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। जिला प्रेस क्लब ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी।

इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के पदाधिकारी एवं सदस्य अशोक पांडे, मोहन राजा, मुमताज आलम खान, नदीम सलमानी, मनोज कश्यप, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, विजय बंसल, सर्विन्द्र कुमार, उपासना तेश्वर, कमल शर्मा, इंद्र शर्मा, शिप्रा अग्रवाल और प्रखर कश्यप सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply