पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सेरेमोनियल गार्द ने दी शोक सलामी‌।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर हरिद्वार पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शहीद जवानों को पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विगत एक वर्ष में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र एवं फूल अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में सेरेमोनियल गार्द ने शहीद जवानों को शोक सलामी दी। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान हमें राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Share.
Leave A Reply