घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 15 अक्टूबर। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि को फाउंड्री गेट से धीरवाली की ओर लगे मेले के मुख्य प्रवेश द्वार के पास से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर में जबरन घुसकर उसे डराया-धमकाया और उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के संबंध में किसी को बताने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 710/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 65(1) और 333 में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने उपनिरीक्षक सोनल रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों के यहां तथा अन्य स्थानों पर दबिश दी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी निवासी ग्राम पीतम नगर हडोरा, थाना सिकंदरपुर, जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी जमालपुर कलां, थाना कनखल, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
1. उपनिरीक्षक सोनल रावत
2. कांस्टेबल बृजमोहन सिंह
3. कांस्टेबल सतवीर सिंह।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।


