फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी रितिक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को अकोढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को आरोपी रितिक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस टीम में शामिल: प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक समीप पांडेय और कांस्टेबल मनोज शर्मा।

Share.
Leave A Reply