फुरकान अंसारी।
मंगलौर (हरिद्वार)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए सोने के जेवरात शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने चोरी के जेवरात बेचने के बजाय दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर ₹2,51,200 का ऋण लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोल्ड लोन कंपनी से चोरी के शेष जेवरात बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मंगलौर में चोरी के संबंध में मुकदमा संख्या 411/2026 दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी राहुल को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। उस दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के शेष जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखने की जानकारी दी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 7 अगस्त 2026 को चोरी के सोने के जेवरात गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर ₹2,51,200 का ऋण प्राप्त किया था। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) प्राप्त की और उसे लेकर दिल्ली पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर संबंधित गोल्ड लोन शाखा से अभिलेखीय कार्रवाई पूरी करते हुए चोरी के शेष जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चोरी के मामले में शेष जेवरात भी बरामद हो गए और चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित हुई। चोरी का पूरा सामान वापस मिलने पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
ये जेवरात हुए बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरात में पीली धातु की दो अंगूठियां, दो जोड़ी कानों के कुंडल, एक नथ, एक मांग टीका और एक चेन शामिल हैं।
यह रही पुलिस टीम
चोरी के जेवरात बरामद करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल किशन देव राणा और होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।


