फुरकान अंसारी।
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। अंतिम सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं।
8 जून से शुरू हुए पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रदेश में पहले 79.60 लाख मतदाता दर्ज थे। 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में 71.33 लाख नाम शामिल किए गए थे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 1,29,872 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 1,04,708 नाम हटाए गए।
34.21 लाख महिला मतदाता
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में 34.21 लाख महिला, 37.37 लाख पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता सूची में दर्ज हैं।
प्रदेशभर में मतदान के लिए कुल 12,543 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची
मतदाता अंतिम सूची को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देख सकते हैं।
जिन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे और बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सूत्रों के हवाले से।
Add A Comment


