फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हरिद्वार पुलिस की ओर से पुलिस लाइन रोशनाबाद समेत जनपद के सभी थाना-कोतवालियों एवं पुलिस कार्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस बल द्वारा सलामी देकर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात सुश्री निशा यादव ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए अनुकरणीय है। उनका प्रसिद्ध नारा “जय जवान, जय किसान” देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में जवानों एवं किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस कार्यालय में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थाना-कोतवालियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन और कर्तव्य में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रनिष्ठा सदैव समाज और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Share.
Leave A Reply