फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 2 अक्टूबर। भारतीय योग संस्थान की ओर से 60वां योग उत्सव हरिद्वार स्थित सैनी आश्रम में उत्साह, अनुशासन एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर भजनों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कारण मल्होत्रा, डॉ. उधम सिंह, प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले, प्रांतीय पदाधिकारियों, सदस्यों एवं विभिन्न जिलों के प्रधानों ने मां सरस्वती तथा भारतीय योग संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सुरेश भट्ट एवं आशुतोष ने शंखनाद किया।
दीप प्रज्वलन के पश्चात पूर्वी जिले की साधिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं साधकों का स्वागत करते हुए योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि कारण मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय योग संस्थान पूरी दुनिया में योग की अलख जगा रहा है और मानव समाज को स्वस्थ एवं निरोग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। अतिथि डॉ. उधम सिंह ने कहा कि योग केवल एक दिन करने की गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए।
प्रांतीय सदस्य सुरेश भट्ट ने सामूहिक योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं प्रांतीय संगठन मंत्री सुखदेव सिडाना ने बड़ी संख्या में साधकों की उपस्थिति और अतिथियों के आगमन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
योग उत्सव के दौरान रेखा त्यागी, सरोज चौहान, प्रीति, अनिल शर्मा, ब्रजपाल सैनी, अर्चना चौहान, प्रभा शर्मा, सुशीला घड़ियाल, रविन्द्र सिंघल, सीताराम प्रजापति, आशीष धारीवाल, हरीश तनेजा, प्रवीण अरोड़ा एवं मंजू झा ने साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। हरिद्वार के विभिन्न जिलों के साधकों ने संयुक्त रूप से योग गीत की प्रस्तुति भी दी।
कार्यक्रम के दौरान दक्षिणी जिले ने सामग्री वितरण, पश्चिमी जिले ने आसन व्यवस्था तथा उत्तरी जिले ने प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी निभाई। समारोह को सफल बनाने में पांचों जिलों के प्रधान सुधा जैन, विजय पाल, हरीश तनेजा, प्रवीण कपिल एवं अर्चना चौहान सहित उनकी पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रवीण अरोड़ा एवं आशीष धारीवाल की विशेष भूमिका रही।
समारोह में हरिद्वार के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, शिक्षक एवं करीब 400 साधक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान साधकों में आपसी समन्वय, अनुशासन एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की फोटोग्राफी का दायित्व प्रवीण कपिल, सरिता शर्मा एवं सुभाष तनेजा ने निभाया। समारोह का कुशल संचालन पूर्वी जिले की प्रधान श्रीमती सुधा जैन ने किया।


