फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/भगवानपुर। सिकंदरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर हुई ₹9,500 की लूट का हरिद्वार पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹3,000, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात दो युवक सिकंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और ₹40 का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने कर्मचारी को ₹200 का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा ₹160 वापस करने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखी करीब ₹9,500 की नकदी लूट ली। पीछा करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 396/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूट के खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग शुरू की। 26 सितंबर की देर रात सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹3,000, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया गया। मामले में धारा 3(5), 317(2) बीएनएस तथा 3/25(1-B)(A) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में: उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, हेड कांस्टेबल सिकंदर तोमर, कांस्टेबल रविंद्र राणा, कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।


