फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 26 सितंबर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह ‘ग’) सेवा (सामान्य एवं महिला शाखा) विषयवार लिखित परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार, 27 सितंबर 2026 को हरिद्वार नगर क्षेत्र में किया जाएगा।

नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी ने बताया कि परीक्षा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा भवन, हरिद्वार तथा ज्वालापुर इंटर कॉलेज, रेलवे स्टेशन के निकट, ज्वालापुर में दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।

आदेश के तहत सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के समूह में एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन तथा ऐसे किसी भी कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा, जिससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण भी प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक पदार्थ, पेट्रोल, तेजाब आदि लेकर चलने या रखने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस बल के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का 200 मीटर की परिधि में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, सेलुलर फोन, पेजर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दंडनीय होगा।

Share.
Leave A Reply