फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। थाना बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह में हुए बहुचर्चित हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के भाई कपिल निवासी शांतरशाह की तहरीर पर थाना बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और हत्याकांड के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश और सुरागरसी में जुटी थीं।

चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, देर रात नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायरिंग कर दी और बाइक मोड़कर कलियर की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो दोनों बदमाश ग्राम दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर मुड़ गए। बाद में उन्होंने बाइक सड़क पर छोड़ दी और झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की गोली सरकारी वाहन की ड्राइवर साइड की खिड़की के नीचे भी लगी।

पुलिस टीम ने बदमाशों को घेरकर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने दोबारा फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। कुछ देर बाद फायरिंग बंद होने पर पुलिस ने दोबारा चेतावनी दी, जिसके बाद एक बदमाश ने आत्मसमर्पण करने की बात कही।

सर्च के दौरान नदी की ओर जाने वाली ढलान पर एक घायल युवक मिला। उसके बाएं पैर की पिंडली में गोली लगी थी। पूछताछ में उसकी पहचान मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगड़, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मौके से एक अन्य बदमाश फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।

हत्या की वजह रंजिश बताई

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। वर्ष 2022 में आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पर एक युवती को भगाकर ले जाने के मामले में थाना जनकपुरी, सहारनपुर में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में इस्तकार को मृतक हैप्पी पर मुखबिरी करने का शक था, जिसके बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।

पुलिस का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार नशे के कारोबार में लिप्त हो गया था। हैप्पी द्वारा उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दिए जाने और बाद में पैसों की मांग किए जाने से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हैप्पी की हत्या की योजना बनाई। 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी करने के बाद 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया गया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और काले रंग की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।

एसएसपी हरिद्वार की ओर से पुलिस टीम को 2,500 रुपये तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply