फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। शादी के नाम पर लोगों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर ठगी करने के मामले में बहादराबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से संबंधित सामान बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया है। मामले में अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी किए जाने की आशंका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को ग्राम दौलतपुर, हरिद्वार निवासी प्रवेश पुरी ने बहादराबाद कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके भाई योगेश पुरी के साथ विवाह करने वाली महिला ने उसे विश्वास में लेकर कथित रूप से नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद महिला मौका पाकर घर से नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने महिला समेत उसके चार साथियों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरीके से अपना शिकार तो नहीं बनाया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से शिकायत से संबंधित सामान बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को सीज कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह से पहले रिश्ते और संबंधित व्यक्ति की पृष्ठभूमि के बारे में भली-भांति जानकारी प्राप्त करें। किसी भी व्यक्ति पर विश्वास करने से पहले उसके बारे में आवश्यक सत्यापन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस टीम में
– व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल
– उ0नि0 शमशेर अली
– उ0नि0 कर्म सिंह
– हे0का0 नरविन्दर सिंह
– का0 सुनील तोमर।


