फुरकान अंसारी।
लक्सर। बुजुर्ग को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद मोटरसाइकिल और पीतलनुमा धातु चोरी करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई TVS Apache मोटरसाइकिल, करीब 25 किलोग्राम पीतलनुमा धातु के टुकड़े व पाइप तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने वारदात से पहले रैकी कर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक धमरौला, थाना नूरपुर, बिजनौर निवासी अशोक कुमार, जो वर्तमान में चरखी गोदाम लक्सर में रह रहे हैं, ने 25 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात लोगों ने उन्हें और उनके साथी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उनकी मोटरसाइकिल के साथ करीब 120 किलोग्राम पीतल चोरी कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल इनपुट और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पुलिस ने जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को टीम ने पीपली पुल के पास, सुल्तानपुर रोड लक्सर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 25 किलोग्राम पीतलनुमा धातु के टुकड़े व पाइप, 1,500 रुपये नकद और चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई सफेद रंग की TVS Apache मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 25 अगस्त को चरखी गोदाम में वारदात की योजना बनाई थी। दो आरोपी गोदाम के बाहर रैकी कर रहे थे, जबकि एक आरोपी अंदर गया। आरोपियों ने पहले से कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला रखा था, जिसे मिस्त्री मुल्ला और बाद में वहां पहुंचे अशोक मुंशी को पिलाया गया। दोनों के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने अशोक मुंशी की जेब से आलमारी की चाबी निकालकर उसमें रखे पीतलनुमा धातु के टुकड़े और पाइप के करीब तीन कट्टे चोरी कर लिए।
इसके बाद आरोपियों ने अशोक मुंशी की मोटरसाइकिल की चाबी लेकर उसी मोटरसाइकिल से चोरी का माल मौके से बाहर ले गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी किए गए माल में से कुछ हिस्सा करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया। इसी रकम में से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर TVS Apache मोटरसाइकिल खरीदी गई, जबकि 1,500 रुपये उनके पास बचे थे।
पुलिस ने बताया कि शेष करीब 25 किलोग्राम माल को आरोपियों ने सीमेंट फैक्ट्री लक्सर के पास गन्ने के खेत में छिपाकर रखा था। बाद में इसे बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपियों ने वादी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP 20 CE 0926 एक अन्य साथी के पास होने की बात भी बताई है। पुलिस उक्त साथी और मोटरसाइकिल की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में मु0अ0सं0 965/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में SHO प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 राजेश बिष्ट, उ0नि0 समीप पाण्डेय, उ0नि0 आशीष भट्ट, हे0का0 पंचम प्रकाश, हे0का0 अरविन्द रावत, का0 अनिल वर्मा और का0 महिपाल शामिल रहे।


