फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को कार्यशाला गैराज, नगर निगम मायापुर निवासी एक महिला ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि लक्की और उसके साथी कबीर ने उसकी बहू पर फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 22 सितंबर को मामले में आरोपी कबीर पुत्र किशोर, निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद, थाना भवन, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था।
वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी लक्की पुत्र संजू कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 23 सितंबर को पुलिस टीम ने लक्की को टिबड़ी रोड की ओर जाते समय रेलवे कॉलोनी तिराहे से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी लक्की पुत्र संजू कुमार, निवासी राजीव बस्ती, थाना कोतवाली नगर, हरिद्वार, की उम्र 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 522/2026 में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल: प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, कांस्टेबल नापु आनंद तोमर और कांस्टेबल नापु रमेश सिंह।


